उत्तर प्रदेश में कोरोनावायरस की बीमारी को आपदा घोषित कर दिया गया है। प्रदेश में अब तक संक्रमण के 38 टेस्ट पॉजिटिव आए हैं। कोरोना बीमारी इतनी तेजी से बढ़ रही है कि, बीते 24 घंटे के भीतर 5 नए केस आए। हालांकि, 11 लोग इलाज के बीच ठीक भी हो चुके हैं। लॉकडाउन के बीच बुधवार को नवरात्र के पहले दिन लोग मास्क लगाकर सब्जी, दूध व फल खरीदने के लिए दुकानों पर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों को भरोसा दिलाया है कि दूध, सब्जी और जरूरी लोगों के घरों तक पहुचाएंगे। लोग घर से न निकलें। 10 हजार से अधिक गाड़ियों, जिसमें पुलिस के जवान, एंबुलेंस के द्वारा सब्जी, राशन और दूध घर-घर पहुंचाए जाएंगे।
पीलीभीत में 33 वर्षीय युवक संक्रमित; मां के संपर्क से हुई बीमारी
पीलीभीत में कोरोना का दूसरा पॉजिटिव केस सामने आया है। यहां एक 33 वर्षीय युवक संक्रमित पाया गया है। केजीएमयू के डॉक्टर सुधीर सिंह ने बताया कि, वह कभी विदेश नहीं गया। लेकिन कोरोना संक्रमित मां के संपर्क में आने से उसे ये बीमारी हुई है। 22 मार्च को 55 वर्षीय महिला में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। वह 20 मॉर्च को सऊदी अरब से 37 यात्रियों के साथ लौटी थी।
कनिका को अभी कुछ दिन और अस्पताल में रहना होगा
बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर 20 मार्च को कोरोना से पॉजिटिव पाई गई थीं। उनका इलाज पीजीआई में चल रहा है। लेकिन अभी कनिका को कुछ और दिन पीजीआई में रहना होगा। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी सेहत ठीक है। बुधवार को एक बार फिर जांच करवाई जाएगी। लगातार दो रिपोर्ट निगेटिव आने पर ही उन्हें डिस्चार्ज किया जाएगा।
यूपी-दिल्ली बॉर्डर सील
प्रदेश में संपूर्ण लॉकडाउन है। ऐसे में उत्तर प्रदेश-दिल्ली बॉर्डर पर बैरिकेडिंग लगाकर सीमा सील कर दी गई है। सिर्फ आवश्यक सेवाओं को जन जन तक पहुंचाने वाले वाहनों को ही आने जाने दिया जा रहा है।
इतने केस यहां आए, 11 ठीक भी हुए-
शहर | संक्रमण के मामले | इलाज के बाद ठीक हुए |
लखनऊ | 08 | 01 |
आगरा | 08 | 07 |
गाजियाबाद | 03 | 02 |
गौतमबुद्धनगर (नोएडा) | 11 | 01 |
लखीमपुरखीरी | 01 | |
जौनपुर | 01 | |
शामली | 01 | |
पीलीभीत | 01+01 | |
कानपुर | 01 | |
मुरादाबाद | 01 | |
वाराणसी | 01 | |
कुल | 38 | 11 |